ICC CWC 2019, 29th Match: New Zealand vs West Indies - न्यूजीलैंड ने विंडीज को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हराया
ओल्ड ट्रेफर्ड: क्रिकेट वर्ल्ड कप के 12वें सीजन का 24वां दिन सबसे यादगार रहा। शनिवार को अफगानिस्तान और भारत के रोमांचक मैच के बाद न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज का सांस थमा देने वाला मैच हुआ।
मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड स्टेडियम में खेले गए 29वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने रोचक मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 रन से हरा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने कप्तान केन विलियमसन की 148 रनों की शानदार शतकीय पारी और रोस टेलर के 69 रनों की बदौलत 50 ओवर में 8 विकेट पर 291 रन बनाए।
वेस्टइंडीज की तरफ से शेल्डन कॉट्रेल ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में 56 रन देकर 4 विकेट झटके। कॉट्रेल ने पहले ही ओवर में मार्टिन गप्टिल और कॉलिन मुनरो को शून्य के स्कोर पर आउट कर पवेलियन भेजा। उसके बाद उन्होंने विलियमसन और लाथम का भी शिकार किया।
वहीं न्यूजीलैंड के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने 20 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद गेल और हेटमायर की 122 रनों की साझेदारी की बदौलत मैच में वापसी की। लेकिन हेटमायर के 54 रन पर आउट होते ही वेस्टइंडीज के विकेट गिरना शुरू हो गए और देखते ही देखते 164 रन पर 7 विकेट हो गए।
एक वक्त न्यूजीलैंड मैच आसानी से जीत रहा था और वेस्टइंडीज को जीत के लिए आखिरी की 18 गेंदों में 33 रन की जरुरत थी, लेकिन मैट हेनरी के 47वें ओवर में ब्रेथवेट ने 25 रन जड़ दिए। इसके बाद वेस्टइंडीज को जीत के लिए 12 गेंदों में 8 रन की जरुरत थी, लेकिन नीशम की गेंद पर ब्रेथवेट ने जोरदार शॉट खेला जो बाउंड्री पर खड़े बोल्ट ने लपक लिया और इसी के साथ न्यूजीलैंड ने मैच में जीत हासिल कर ली।
वेस्टइंडीज की तरफ से क्रिस गेल ने 87, हेटमायर ने 54 और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए कार्लोस ब्रेथवेट ने 82 गेंदों में ताबड़तोड़ 101 रन बनाए और अपने वन-डे करियर का पहला शतक भी जड़ा।
न्यूजीलैंड की तरफ से ट्रेंट बोल्ट सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 10 ओवर की गेंदबाजी में 30 रन देकर 4 विकेट झटके वहीं फर्गुसन को भी 3 सफलताएं मिलीं।
ICC CWC 2019, 29th Match: New Zealand vs West Indies - न्यूजीलैंड ने विंडीज को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हराया
Reviewed by Aman Gavaskar
on
जून 23, 2019
Rating:
Reviewed by Aman Gavaskar
on
जून 23, 2019
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: