यूएस ओपन 2018 : नोवाक जोकोविच ने जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को हराकर जीता 14वां ग्रैंड स्लैम खिताब , संप्रास के रिकॉर्ड की बराबरी की
सर्बिया के दिग्गज टेनिसखिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने रविवार को अर्जेंटीना के जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को हराकर करियर का तीसरा यूएस ओपन खिताब अपने नाम कर लिया। साल के चौथे और अंतिम ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन के पुरूष एकल के फाइनल में जोकोविच ने डेल पोत्रो को 6-3, 7-6(7-4), 6-3 से हराया।
साल 2011 और 2015 के चैंपियन जोकोविच ने आसानी से डेल पोत्रो को शिकस्त दी। 2009 के चैंपियन और तीसरी वरीयता प्राप्त अर्जेंटीना के डेल पोत्रो को हराने के साथ ही सर्बियाई स्टार नोवाक जोकोविच ने अपने करियर का 14वां ग्रैंड स्लैम जीत लिया है। यूएस ओपन का यह जोकोविच तीसरा खिताब है। इसके साथ ही जोकोविच ने पिछले 10 साल में डेल पोत्रो के खिलाफ जीत-हार का ओवरऑल रेकॉर्ड 15-4 पहुंचा दिया है। वह इससे पहले डेल पोत्रो के खिलाफ 2007 और 2012 के यूएस ओपन में भी जीत दर्ज कर चुके हैं।
पहले सेट में नोवाक जोकोविच पूरी तरह से हावी नजर आए और उन्होंने पहला सेट बेहद आसानी से 6-3 से जीत लिया। लेकिन दूसरे सेट में तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने कड़ा संघर्ष किया। दूसरे सेट जीतने के लिए जोकोविच को जमकर पसीना बहाना पड़ा। दूसरे सेट में मुकाबला अंतिम समय तक रोमांचक रहा और सेट का नतीजा टाई ब्रेकर के जरिए सामने आया।
पोट्रो के कड़े संघर्ष के बावजूद जोकोविच ने इस सेट को 7-6 (7-4) से अपने नाम करते हुए मैच में 2-0 की मजबूत बढ़त बना ली। जबकि तीसरे सेट में जोकोविच को दूसरे सेट जीतनी मेहनत नहीं करनी पड़ी और 6-3 से जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही जोकोविच ने अमेरिका के पूर्व महान खिलाड़ी पीट सैमप्रास की बराबरी कर ली है, जिन्होंने 14 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतकर इतिहास रचा था। अब जोकोविच से आगे रोजर फेडरर (20) और राफेल नडाल(17) ही हैं।
नोवाक जोकोविच के सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताब-
(1.) ऑस्ट्रेलियन ओपन - 6 (2008, 2011, 2012 ,2013, 2015 , 2016)
(2.) फ्रेंच ओपन -1 (2016)
(3.) विंबलडन -4 (2011, 2014, 2015, 2018)
(4.) यूएस ओपन - 3 ( 2011, 2015, 2018)
सबसे ज्यादा सिंगल्स ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले खिलाड़ी (ऑल टाइम) –
(1.) रोजर फेडरर (स्विट्जरलैंड) - 20
(2.) राफेल नडाल (स्पेन) - 17
(3.) नोवाक जोकोविच (सर्बिया) - 14
(4.) पीट सैंप्रास (अमेरिका) - 14
यूएस ओपन 2018 : नोवाक जोकोविच ने जुआन मार्टिन डेल पोत्रो को हराकर जीता 14वां ग्रैंड स्लैम खिताब , संप्रास के रिकॉर्ड की बराबरी की
Reviewed by Aman Gavaskar
on
सितंबर 10, 2018
Rating:
Reviewed by Aman Gavaskar
on
सितंबर 10, 2018
Rating:

कोई टिप्पणी नहीं: